एसओजी, सर्विलांस और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, हत्या में प्रयुक्त रेहड़ा बाइक और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद
ब्यूरो रिपोर्ट | डॉ. योगेश कौशिक
संपादन: अजीत कुमार श्रीवास्तव, न्यूज एडिटर – नवचेतन सत्यभाष
बागपत। थाना कोतवाली क्षेत्र में हुए चर्चित शाहजान हत्याकांड का पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना कोतवाली पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी बागपत की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बिना नंबर की रेहड़ा मोटरसाइकिल तथा मृतक की बाइक भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, पुराना कस्बा बागपत के केतीपुरा निवासी इरशाद पुत्र रहमत ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके भतीजे शाहजान पुत्र इरफान के साथ सलमान पुत्र वली और उसके साथियों ने पहले गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। बाद में सलमान, फरमान, इमरान, शाहरुख और अन्य लोगों ने मिलकर शाहजान की हत्या कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मात्र तीन घंटे के भीतर हत्याकांड का सफल अनावरण कर दिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें—
⚡शाहरुख पुत्र वली मोहम्मद (19 वर्ष) निवासी मुगलपुरा, टेलीफोन एक्सचेंज रोड, बागपत
⚡फरमान पुत्र वली मोहम्मद (26 वर्ष) निवासी मुगलपुरा, टेलीफोन एक्सचेंज रोड, बागपत
⚡ईम्मन उर्फ इमरान पुत्र वली मोहम्मद (30 वर्ष) निवासी मुगलपुरा, टेलीफोन एक्सचेंज रोड, बागपत
शामिल हैं।
आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में इमरान और फरमान के खिलाफ पहले से करीब चार-चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
हत्याकांड के त्वरित खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने संयुक्त पुलिस टीम की सराहना करते हुए ₹10,000 के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच जारी है।
