सेवा संकल्प अभियान के तहत हुआ कार्यक्रम, नवजात बालिकाओं को बेबी किट, फल और कंबल देकर किया गया स्वागत
अजीत कुमार श्रीवास्तव। न्यूज एडिटर, नवचेतन सत्यभाष
शामली, 21 सितंबर 2026। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुडाना में पांच नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने के साथ ही बालिकाओं के अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना रहा।
जिलाधिकारी शामली आलोक यादव के आदेशों के अनुपालन में तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी मौहम्मद मुशफेकीन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएचसी कुडाना के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सलीम अहमद ने की। इस दौरान पांचों नवजात कन्याओं से केक कटवाकर उनका जन्मोत्सव मनाया गया। नवजात बालिकाओं के परिवारों को बेबी किट, फलों की टोकरी, कंबल और बेबी बिब सहित अन्य उपहार देकर उनका स्वागत किया गया।
17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान
अधिकारियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान विभागीय योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
हिंसा से पीड़ित महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर में मिलती है सहायता
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग के वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक गजाला त्यागी ने महिलाओं को उपलब्ध सहायता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन स्टॉप सेंटर पर हिंसा से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा सुविधा, कानूनी सलाह, पुलिस सहायता और मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। जरूरत पड़ने पर पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर कुछ समय के लिए रहने की सुविधा भी प्रदान की जाती है। इसका उद्देश्य महिलाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना है।
सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, पति की मृत्यु के उपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना, निराश्रित पुनर्विवाह योजना और निराश्रित पुत्री विवाह योजना शामिल रहीं। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं के लिए आवेदन करने में भी सहयोग किया गया।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक गजाला त्यागी, थाना कोतवाली शामली से उपनिरीक्षक करतार सिंह, महिला हेड कांस्टेबल शीतल, रीता और सोनिया, मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक मनवीरी सिंह, हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन से जिला मिशन समन्वयक सदफ खान, जेंडर स्पेशलिस्ट कुलदीप शर्मा, सहायक लेखाकार अंकित कुमार और एमटीएस शुभम कुमार मौजूद रहे।
इसके अलावा सीएचसी कुडाना के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सलीम अहमद, बीपीएम मुब्बशीर, एआरओ जलदीप, आशाएं तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं के जन्म को सम्मान और उत्सव से जोड़ते हुए समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया गया।
