Saturday, October 31, 2026

शाकुंभरी देवी क्षेत्र के विकास कार्य जल्द पूरे हों, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

भूरा महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी क्षेत्र का दौरा कर जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि यहां चल रहे सभी विकास कार्यों को शीघ्रता से पूरा कराया जाए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर हालात का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

हाल ही में आई बाढ़ में हुई थी दो महिलाओं की मौत

गौरतलब है कि 28 मई की रात मौसम खराब होने के कारण शाकुंभरी देवी क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ से भारी नुकसान हुआ था। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई थी, जबकि सैकड़ों दुकानें और वाहन भी बाढ़ की चपेट में आ गए थे। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता पहले ही प्रदान की जा चुकी है।

समीक्षा बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी

मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल और जसवंत सैनी भी शामिल हुए।

मीडिया से बनाए रखी दूरी

अपने पूर्व दौरों की तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बार भी मीडिया से दूरी बनाए रखी। विपक्षी दलों के सांसदों और विधायकों को भी मुख्यमंत्री से मुलाकात का अवसर नहीं मिला। मुख्यमंत्री के लगातार सहारनपुर दौरों को लेकर विपक्ष ने सवाल भी उठाए हैं।

भूरा महादेव मंदिर में किया पूजन

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूरा महादेव मंदिर में काफी देर तक पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने शाकुंभरी देवी क्षेत्र का निरीक्षण किया और करीब एक घंटे तक वहां रहकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी आपदा या प्राकृतिक संकट की स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन तंत्र को और मजबूत किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

रिपोर्ट: गौरव सिंघल

न्यूज़ एडिटर: अजीत श्रीवास्तव, नवचेतन सत्यभाष

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisements
राशिफल
सोने की कीमत
लाइव स्कोर
आज का मौसम

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!