भूरा देव से माँ शाकम्भरी देवी मंदिर तक एलिवेटेड ब्रिज शारदीय नवरात्रि तक पूरा करने का प्रयास, दुकानदारों के नुकसान का होगा आकलन और मुआवजा
सहारनपुर। गौरव सिंघल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सहारनपुर जनपद के सिद्धपीठ माँ शाकम्भरी देवी क्षेत्र का दौरा कर हाल ही में खोल (जलधारा क्षेत्र) में अचानक आए जलप्रवाह से हुई दुर्घटना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बाबा भूरा देव मंदिर एवं माँ शाकम्भरी देवी मंदिर में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
एलिवेटेड ब्रिज निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर भूरा देव मंदिर से माँ शाकम्भरी देवी मंदिर तक निर्माणाधीन एलिवेटेड ब्रिज एवं सड़क परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अतिरिक्त श्रमिक लगाकर परियोजना को यथासंभव आगामी शारदीय नवरात्रि तक पूरा करने का प्रयास किया जाए। यदि किसी कारणवश यह संभव न हो तो दिसंबर माह तक प्रत्येक दिशा में निर्माण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य में समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनेगी वैकल्पिक व्यवस्था
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुल निर्माण पूर्ण होने तक श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के आवागमन के लिए खोल क्षेत्र में वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खोल को चैनलाईज करने तथा दोनों ओर बोल्डर लगाने के निर्देश दिए, जिससे अचानक जलभराव की स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
आपदा प्रबंधन में तकनीक के उपयोग पर जोर
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदाएं मनुष्य के नियंत्रण में नहीं होतीं, लेकिन आधुनिक तकनीक और समय रहते चेतावनी प्रणाली के माध्यम से जनहानि और धनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल अलर्ट जारी किया जाए और नुकसान की सूचना शीघ्र शासन तक पहुंचाई जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्य समय पर शुरू किए जा सकें।
प्रभावित दुकानदारों को मिलेगा नियमानुसार मुआवजा
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना के कारण हुए आर्थिक नुकसान की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रभावित दुकानदारों और अन्य लोगों की क्षति का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है।
पार्किंग और दर्शन व्यवस्था को लेकर दिए विशेष निर्देश
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बाबा भूरा देव मंदिर के समीप उपयुक्त स्थान पर पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माँ शाकम्भरी देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ऐसी व्यवस्थाएं की जाएं कि कोई भी भक्त बिना दर्शन किए वापस न लौटे।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, महापौर डॉ. अजय सिंह, विधायक देवेन्द्र निम, किरत सिंह, राजीव गुम्बर, एमएलसी श्रीचन्द शर्मा, जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक नरेश सैनी, एडीजी भानु भास्कर, मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, एसएसपी अभिनंदन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रमुख बिंदु
∆ शारदीय नवरात्रि तक एलिवेटेड ब्रिज पूरा करने का लक्ष्य।
∆ पुल निर्माण तक वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था विकसित होगी।
∆ आपदा प्रबंधन के लिए तकनीक आधारित अलर्ट सिस्टम पर जोर।
∆ प्रभावित दुकानदारों को मिलेगा नियमानुसार मुआवजा।
∆ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पार्किंग और दर्शन व्यवस्था होगी मजबूत।
∆ खोल क्षेत्र को चैनलाईज कर सुरक्षा उपाय बढ़ाए जाएंगे।
– अजीत कुमार श्रीवास्तव, न्यूज एडिटर, नवचेतन सत्यभाष
