दो की मौत, तीन श्रद्धालु लापता, दर्जनों वाहन बहे; डीएम-एसएसपी ने मौके पर पहुंच संभाला मोर्चा

सहारनपुर। गौरव सिंघल
सहारनपुर जनपद के थाना मिर्जापुर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां शाकुम्बरी देवी धाम में बीती रात आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। लगातार तेज बारिश, ओलावृष्टि और पहाड़ी क्षेत्र में अचानक बढ़े जलस्तर के चलते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने हालात को गंभीर देखते हुए पूरे क्षेत्र में अगले 48 घंटे के लिए हाईअलर्ट घोषित कर दिया है तथा श्रद्धालुओं के प्रवेश पर तत्काल रोक लगा दी गई है।
बाढ़ की इस त्रासदी में एक अज्ञात महिला समेत दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन श्रद्धालु अब भी लापता बताए जा रहे हैं। मृतकों में सावित्री देवी पत्नी चंद्रभान का नाम सामने आया है। प्रशासन और राहत टीमें लापता लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं।
रात ढाई बजे विकराल हुए हालात
जानकारी के अनुसार बीती रात करीब ढाई बजे अचानक तेज बारिश और ओलावृष्टि के बाद मां शाकुम्बरी क्षेत्र में पानी का तेज बहाव आ गया। देखते ही देखते कई दुकानें पानी में समा गईं और दर्जनों वाहन बाढ़ की चपेट में आकर बह गए। इलाके में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
बाढ़ और तेज हवाओं के कारण कई पेड़ तथा बिजली के खंभे धराशायी हो गए, जिससे क्षेत्र में घंटों बिजली व्यवस्था ठप रही। गांवों में पहले से चल रही बिजली कटौती के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
श्रद्धालुओं को लौटाया जा रहा, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मां शाकुम्बरी देवी क्षेत्र को फिलहाल आम श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों की ओर भेज रहे हैं तथा नए आने वाले भक्तों को रास्ते से ही वापस लौटाया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. रूपेश कुमार ने अधिकारियों को बाढ़ और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का विस्तृत आंकलन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और शासन स्तर पर पूरी रिपोर्ट भेजी जाएगी।
डीएम अरविंद कुमार सिंह और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने लिया जायजा

आज सुबह जिलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने मां शाकुम्बरी देवी पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा लगातार मुनादी कर लोगों से नदी-नालों और पहाड़ी क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जा रही है।
मौसम के बदले मिजाज से जनजीवन प्रभावित
पूरे सहारनपुर जनपद में बीती रात तेज आंधी, ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश हुई। पिछले कई दिनों से जिले में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, लेकिन अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं भारी तबाही भी साथ लेकर आया।
तेज हवाओं और ओलावृष्टि से आम की फसल को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल प्रशासन पूरे जिले में हुए नुकसान का सर्वे कराने में जुटा हुआ है।
हालात अब भी गंभीर, प्रशासन अलर्ट मोड पर
मां शाकुम्बरी देवी क्षेत्र में हालात अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं। प्रशासन ने अगले 48 घंटे को बेहद संवेदनशील मानते हुए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है। राहत एवं बचाव दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बनाए हुए हैं।
अजीत कुमार श्रीवास्तव
न्यूज एडिटर, नवचेतन सत्यभाष
