जयंत चौधरी के परिवार संग पुष्पांजलि अर्पित कर नेताओं ने याद किए चौधरी साहब के संघर्ष और सिद्धांत
अजीत कुमार श्रीवास्तव
न्यूज एडिटर, नवचेतन सत्यभाष
नई दिल्ली। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय लोक दल के नेताओं ने दिल्ली स्थित किसान घाट पहुंचकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के परिवार के साथ मौजूद नेताओं ने चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
रालोद नेताओं ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का सम्पूर्ण जीवन किसानों, मजदूरों, गरीबों और वंचित वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश की राजनीति में किसान हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपने सिद्धांतों एवं संघर्षों से करोड़ों लोगों को नई दिशा प्रदान की।
नेताओं ने कहा कि चौधरी साहब के विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को प्रेरणा देते हैं तथा राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक दल हस्तिनापुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन, प्रदेश महासचिव सतबीर पवार, शामली सदर विधायक प्रसन्न चौधरी, पूर्व क्षेत्रीय महासचिव डॉ. विक्रांत जावला, सुनील मलिक, अजय जावला, वीर गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय महासचिव योगेंद्र सिंह, सतवीर भोंदा, राजन जावला सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने किसान घाट पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
