Saturday, October 31, 2026

कांधला में ईद-उल-अजहा को लेकर पुलिस अलर्ट, खुले में कुर्बानी व वीडियो वायरल करने पर होगी कार्रवाई

थाना प्रभारी सतीश कुमार के नेतृत्व में निकाला गया पैदल गश्त, लोगों से भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील

कांधला। आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कांधला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। बुधवार शाम थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में कस्बे एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

पुलिस ने इस दौरान लोगों से शांति एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि खुले में कुर्बानी करने अथवा कुर्बानी की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर भी सख्त चेतावनी

थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने कहा कि शासन की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन कराया जाएगा और किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

जिम्मेदार लोगों के साथ थाना परिसर में हुई बैठक

पैदल गश्त से पूर्व थाना परिसर में क्षेत्र के जिम्मेदार नागरिकों एवं मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी ने लोगों की समस्याएं सुनीं और त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि सभी नागरिक आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश करें तथा कोई भी ऐसा कार्य न करें जिससे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों।

मुख्य मार्गों पर किया गया फ्लैग मार्च

कांधला पुलिस का पैदल गश्त थाना परिसर से शुरू होकर कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरा। पुलिस टीम ने बायपास रोड, रेलवे रोड, दिल्ली बस स्टैंड, ईदगाह रोड, मुख्य बाजार तथा कैराना बस स्टैंड क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

गश्त के दौरान पुलिस ने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं मुस्लिम समुदाय के लोगों से संवाद स्थापित कर सहयोग की अपील की।

अजीत कुमार श्रीवास्तव

न्यूज एडिटर, नवचेतन सत्यभाष

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisements
राशिफल
सोने की कीमत
लाइव स्कोर
आज का मौसम

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!