Saturday, October 31, 2026

ईद-उल-जुहा को लेकर प्रशासन अलर्ट

डीएम आलोक यादव और एसपी एन.पी. सिंह ने कैराना में किया पैदल मार्च, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील

अजीत कुमार श्रीवास्तव

न्यूज एडिटर, नवचेतन सत्यभाष

कैराना। आगामी ईद-उल-जुहा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी शामली श्री आलोक यादव एवं पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह ने थाना कैराना क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

अधिकारियों ने कस्बे के संवेदनशील इलाकों, मुख्य बाजारों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर वहां की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत लोगों से संवाद स्थापित करते हुए आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

डीएम एवं एसपी ने लोगों से कहा कि ईद पर्व को परंपरागत एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक मार्गों एवं सड़कों पर नमाज अदा न की जाए और केवल निर्धारित स्थलों पर ही नमाज सम्पन्न कराई जाए।

इसके साथ ही प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने तथा कुर्बानी के अवशेष खुले या सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकने की अपील भी की गई। प्रशासन ने स्वच्छता बनाए रखने और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने पर विशेष जोर दिया।पुलिस प्रशासन द्वारा बताया गया कि जनपद में ईद पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक, अफवाहपूर्ण अथवा आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।पुलिस अधीक्षक श्री एन.पी. सिंह ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगातार भ्रमणशील रहने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने तथा आमजन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।

प्रशासन और पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखा जा सके। इस दौरान क्षेत्राधिकारी कैराना श्री हेमंत कुमार, प्रभारी निरीक्षक कैराना समयपाल अत्री सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisements
राशिफल
सोने की कीमत
लाइव स्कोर
आज का मौसम

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!