भाजपा नेता आरिफ हवारी ने सपा सांसद पर साधा निशाना
बोले- पुलिस कर रही निष्पक्ष कार्रवाई, समाज में तनाव फैलाने से बचें जनप्रतिनिधि
शामली। मोनू कश्यप प्रकरण को लेकर जिले की राजनीति लगातार गरमाती जा रही है। इसी क्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री आरिफ हवारी ने बयान जारी करते हुए सपा सांसद इकरा हसन पर राजनीतिक माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन ने मामले में सूझबूझ के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष कदम उठाए हैं, लेकिन कुछ लोग इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग देने में लगे हैं।
आरिफ हवारी ने कहा कि पीड़ित पक्ष द्वारा नामजद किए गए दो युवकों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है तथा मामले की निष्पक्ष जांच जारी है। ऐसे में समाज में तनाव पैदा करने वाले बयान देना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सांसद इकरा हसन लगातार ऐसे मुद्दों पर राजनीति कर रही हैं, जो दो समाजों से जुड़े हुए हैं और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है।
उन्होंने सहारनपुर में पुलिस अधिकारियों के साथ सपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन और हंगामे को भी “ड्रामा” बताते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग किया जाना चाहिए, न कि राजनीतिक दबाव बनाने का प्रयास।
भाजपा नेता ने कश्यप समाज और गुर्जर समाज से शांति एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी भड़काऊ राजनीति या अफवाहों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की एकता और शांति सबसे महत्वपूर्ण है तथा सभी को संयम के साथ प्रशासन पर भरोसा रखना चाहिए।
अजीत कुमार श्रीवास्तव
न्यूज एडिटर
दैनिक नवचेतन सत्यभाष समाचार पत्र
