जाट भवन में यज्ञ-हवन व विचार गोष्ठी का निर्णय, मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान पर भी बनी सहमति
शामली। आर्य जाट महासभा शामली की मासिक बैठक भैंसवाल रोड स्थित जाट भवन में आयोजित की गई, जिसमें समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 29 मई को देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान नेता चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
महासभा के अध्यक्ष सुनील निर्वाल एवं सचिव दिव्य प्रभाकर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर जाट भवन में यज्ञ-हवन के साथ एक विचार गोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें चौधरी चरण सिंह के जीवन, संघर्ष और किसानों के हित में उनके योगदान पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में महासभा के वार्षिक सम्मेलन एवं प्रतिभा अलंकरण समारोह को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। यह तय किया गया कि समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले सजातीय बंधु-बहनों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में कोषाध्यक्ष नरेश मलिक, बाबूराम पंवार, राजकुमार चेयरमैन, रामपाल सिंह देशवाल, ओमपाल सिंह निर्वाल, मास्टर कंवरपाल सिंह एवं डॉ. ओमपाल सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
