शामली में भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर व्याख्यान गोष्ठी, समाज एकता का दिया संदेश
शामली। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर श्री ब्राह्मण एकता महासभा द्वारा रविवार को एक व्याख्यान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
रविवार को शहर के हनुमान धाम स्थित अग्रसैन बारातघर में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज ने समाज में एकता पर जोर दिया और भगवान परशुराम के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि भगवान परशुराम केवल एक वर्ग नहीं, बल्कि समस्त मानव जाति के आराध्य हैं और सभी को उनकी पूजा-अर्चना करनी चाहिए।
रालोद प्रदेश महासचिव विजय कौशिक ने समाज में व्याप्त बुराइयों को समाप्त करने और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में भगवान परशुराम साहस, तपस्या, धर्म और न्याय के प्रतीक माने जाते हैं। वे भगवान विष्णु के छठे अवतार हैं और उनका जीवन आज भी समाज को सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में ऐरटी से पहुंचे ललितानंद महाराज ने भी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। गोष्ठी के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर महासभा के संरक्षक अशोक वशिष्ठ, अध्यक्ष सत्यप्रकाश कौशिक, सुरेन्द्र शर्मा, श्रीनिवास शर्मा, पंडित प्रेमकिशोर कोठारी, देवानंद गौड, कैलाशचंद शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, अर्जुन पंडित, पुनीत द्विवेदी, गोपीचंद शर्मा, विवेक प्रेमी, ओमप्रकाश शर्मा, हितेश शर्मा, अंकित शर्मा, राहुल कौशिक, रामनिवास शर्मा, सलिल द्विवेदी, आर्यन शर्मा, मोहित शर्मा, संजीव वशिष्ठ, विनोद अत्री सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
