जीएसटी नोटिस, बैंक लिमिट और ब्याज मुक्त ऋण की उठाई मांग
शामली।आलोक यादव को सोमवार को इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) शामली इकाई के पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों और कारीगरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में एसोसिएशन ने कहा कि जीएसटी विभाग द्वारा टर्नओवर कम होने की स्थिति में व्यापारियों को अनावश्यक नोटिस जारी न किए जाएं तथा विभागीय अधिकारियों द्वारा किसी भी प्रकार का उत्पीड़न न हो। साथ ही आयकर विभाग द्वारा व्यापार में कम लाभ होने पर व्यापारियों के शोषण पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई।
एसोसिएशन ने सरकार से बैंकों के लिए स्पष्ट नोटिफिकेशन जारी करने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी व्यापारी की सीसी लिमिट या करंट अकाउंट लिमिट में कमी पाई जाती है तो उसकी सीमा कम न की जाए, बल्कि व्यापारियों को सहयोग प्रदान किया जाए।
ज्ञापन में छोटे कारीगरों की आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा गया कि उन्हें रोजगार स्थापित करने और आजीविका चलाने के लिए पांच वर्ष तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाए। एसोसिएशन का कहना है कि इससे कारीगरों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और उनके परिवारों का बेहतर पालन-पोषण संभव हो सकेगा।
पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि उनकी मांगों और सुझावों को केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार तक पहुंचाया जाए।
इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन कुमार सिंघल, रवि संगल, वैभव प्रकाश गोयल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
