अब अस्पताल में ही होंगी हेपेटाइटिस बी-सी समेत कई महत्वपूर्ण जांचें, मरीजों को मिलेगा समय पर इलाज
शामली। जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली में सोमवार से आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई पैथोलॉजी लैब का संचालन शुरू हो गया। लैब शुरू होते ही जांच कराने पहुंचे मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। नई लैब के शुरू होने से अब मरीजों को कई महत्वपूर्ण जांचों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और जिला अस्पताल में ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, पहले क्षेत्र के गांव जसाला में संचालित लैब में होने वाली जांचों का कार्य अब जिला अस्पताल में ही किया जाएगा। इससे हेपेटाइटिस बी और हेपेटाइटिस सी जैसी गंभीर बीमारियों की जांच भी अस्पताल परिसर में संभव हो सकेगी। पहले इन जांचों की रिपोर्ट आने में करीब 10 दिन का समय लग जाता था, लेकिन अब रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराई जा सकेगी।
नई पैथोलॉजी लैब में सीबीसी, एलएफटी, लिपिड प्रोफाइल, केएफटी और ब्लड ग्रुपिंग जैसी विभिन्न जांचों की सुविधा भी शुरू कर दी गई है। इससे मरीजों को निजी लैबों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उनके समय व धन दोनों की बचत होगी।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर आहुजा ने बताया कि पहले पैथोलॉजी लैब एक कमरे में अस्थायी रूप से संचालित की जा रही थी, लेकिन अब अस्पताल परिसर में आधुनिक संसाधनों से लैस नई लैब तैयार कर ली गई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को जिलाधिकारी आलोक यादव नई लैब का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
नई लैब शुरू होने से मरीजों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि अब जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और समय पर रिपोर्ट मिलने से इलाज भी जल्दी शुरू हो सकेगा।
