Monday, November 2, 2026

ब्रेकिंग न्यूज़ | श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर यूपी-हरियाणा प्रशासन अलर्ट, पानीपत में हुई संयुक्त समन्वय बैठक

सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त पुलिस निगरानी, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था होगी और अधिक सुदृढ़

— अजीत कुमार श्रीवास्तव । न्यूज़ एडिटर, नवचेतन सत्यभाष

शामली। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को हरियाणा के पानीपत स्थित उपायुक्त कैंप कार्यालय में पानीपत (हरियाणा) और शामली (उत्तर प्रदेश) के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता पानीपत के उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने की। बैठक में शामली के जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह, पानीपत के पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह सहित दोनों जनपदों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कांवड़ शिविरों की सुविधाएं, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं तथा दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि प्रत्येक कांवड़िये को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पानीपत के पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शामली के जिलाधिकारी आलोक कुमार ने दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच निरंतर समन्वय और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर बल दिया। वहीं शामली के पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त पुलिस गश्त, प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप डीजे संचालन, हथियारनुमा वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध, यातायात का सुचारु संचालन, स्वच्छता व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं से जुड़ी सभी तैयारियों को समय रहते अंतिम रूप दिया जाएगा।

प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्कता, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Previous article
Next article
Advertisements
राशिफल
सोने की कीमत
लाइव स्कोर
आज का मौसम

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!