कैराना, शामली और ऊन तहसीलों में कुल 112 शिकायतें प्राप्त, 9 का मौके पर निस्तारण
अजीत कुमार श्रीवास्तव
न्यूज एडिटर, नवचेतन सत्यभाष
शामली। प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण जनसुनवाई कार्यक्रम सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शनिवार को जनपद की तीनों तहसीलों में किया गया। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील कैराना में जिलाधिकारी आलोक यादव की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 38 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा मौके पर जाकर जांच के बाद गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को पुलिस संबंधी मामलों के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, सीएमओ डॉ. अनिल कुमार, पीडी डीआरडीए प्रेम चन्द, तहसीलदार कैराना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
तहसील शामली में मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 42 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेजा गया। सीडीओ ने अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम शामली निधि भारद्वाज तथा तहसीलदार मनोज कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं तहसील ऊन में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सत्येन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 32 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम ऊन विनय प्रताप सिंह भदौरिया, तहसीलदार ऊन एवं अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
जनपद की तीनों तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 112 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 9 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
