चाय बनाते समय सिलेंडर में लीकेज से लगी आग, बच्चे को बचाने के प्रयास में परिजन भी हुए घायल
बड़ौत। संवाददाता आशीष चंद्रमौलि
नगर के पठानकोट मोहल्ले में बुधवार देर रात गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण लगी भीषण आग ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में 4 वर्षीय मासूम जैद की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में परिवार के पांच सदस्य झुलस गए। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक और मातम का माहौल है।
लीकेज सिलेंडर से भड़की आग, घर में मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार पठानकोट मोहल्ला निवासी आइसक्रीम विक्रेता हासिम के घर उसकी मां संजीदा रात में चाय बना रही थीं। इसी दौरान रसोई में रखे बड़े गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा और अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटों ने पास में रखे छोटे सिलेंडर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई।
साहस दिखाकर बाहर फेंके गए सिलेंडर
आग लगने की सूचना मिलते ही घर की दूसरी मंजिल पर मौजूद हासिम और उसकी पत्नी रुखसार नीचे पहुंचे। परिवार के लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आग लगे दोनों सिलेंडरों को घर से बाहर फेंक दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने भी आग बुझाने में मदद की। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे सिलेंडरों में विस्फोट नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया।
डर के कारण चारपाई के नीचे छिप गया था मासूम
आग लगने के बाद सभी लोग घर से बाहर निकल आए, लेकिन कुछ देर बाद पता चला कि 4 वर्षीय जैद दिखाई नहीं दे रहा है। परिजन उसे तलाशने के लिए दोबारा घर के अंदर गए। खोजबीन के दौरान जैद चारपाई के नीचे छिपा मिला। बताया जाता है कि आग और धुएं से घबराकर वह वहां छिप गया था।
बचाने की कोशिश में पांच लोग झुलसे
मासूम को बाहर निकालने के प्रयास में उसके दादा, दादी, बड़े भाई समेत परिवार के अन्य सदस्य आग और धुएं की चपेट में आकर झुलस गए। सभी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से झुलसे जैद को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मोहल्ले में पसरा मातम
चार वर्षीय बच्चे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए गैस सिलेंडरों की नियमित जांच और सुरक्षा उपायों को अपनाने की अपील की है।
अजीत कुमार श्रीवास्तव
न्यूज एडिटर, नवचेतन सत्यभाष
