पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल, अवैध तमंचे व बाइक बरामद
संवाददाता : आशीष चंद्रमौलि
बड़ौत। थाना बड़ौत पुलिस ने महिला से चैन लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके साथी को भी मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम लोयन मलकपुर निवासी देवेन्द्र पुत्र रामेश्वर ने थाना बड़ौत में तहरीर देकर बताया था कि स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या HR 10 AC 1160 पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी रिश्तेदार के गले से सोने की चैन झपट्टा मारकर लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना दर्ज होने के बाद थाना बड़ौत पुलिस सक्रिय हुई और देर रात करीब दो बजे चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बरामद किए अवैध हथियार
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीसरे साथी की तलाश में जुटी पुलिस
क्षेत्राधिकारी बड़ौत ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने अपने एक अन्य साथी का नाम भी उजागर किया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अजीत कुमार श्रीवास्तव
न्यूज एडिटर, नवचेतन सत्यभाष
