Saturday, October 31, 2026

बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक

डीएम-एसएसपी ने दिए कड़े निर्देश

खुले में कुर्बानी और सड़क पर नमाज नहीं, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

मुजफ्फरनगर

उमेश मिश्रा एवं संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न धर्मगुरु और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बैठक में अधिकारियों ने सभी से बकरीद का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न की जाए तथा कुर्बानी खुले स्थानों पर न होकर निर्धारित स्थानों पर ही की जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी नई परंपरा डालने का प्रयास न करे और सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें।

अवशेषों का उचित निस्तारण करने के निर्देश

डीएम ने कहा कि कुर्बानी के बाद अवशेषों को इधर-उधर न फेंका जाए और नालियों में रक्त प्रवाहित न किया जाए। इसके लिए गड्ढा खोदकर रक्त और अन्य अवशेषों को दबाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर की पहचान आपसी सहयोग और सौहार्द से है, जिसे हर हाल में बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि बकरीद से एक दिन पहले सभी नगर निकायों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल आपूर्ति बाधित न हो इसके लिए जनरेटर की व्यवस्था रखने को कहा गया। विद्युत विभाग को भी बिजली व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

सड़क पर नमाज पढ़ने पर रोक

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि ईद की नमाज ईदगाह या मस्जिद परिसर में ही अदा की जाए, कोई भी व्यक्ति सड़क पर नमाज न पढ़े। यदि ईदगाह में जगह कम पड़े तो लोग नजदीकी मस्जिदों में नमाज अदा करें।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलेभर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी तथा पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने लोगों से ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने की अपील की जिससे माहौल खराब होने की आशंका हो।

धर्मगुरुओं ने दिया सहयोग का आश्वासन

बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं और पीस कमेटी के सदस्यों ने अपने सुझाव रखते हुए प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, पुलिस अधीक्षक नगर अमित जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक समेत अन्य अधिकारी एवं पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisements
राशिफल
सोने की कीमत
लाइव स्कोर
आज का मौसम

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!