महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को मिलेगी स्वच्छ, सुरक्षित व सम्मानजनक सुविधा
मुजफ्फरनगर। महिलाओं एवं ट्रांसजेंडर समुदाय को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगरपालिका परिषद ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए न्यायिक विभाग परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘पिंक टॉयलेट’ का उद्घाटन कराया। इस सुविधा का उद्घाटन नगरपालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश बीरेन्द्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
उद्घाटन के साथ ही पिंक टॉयलेट को आम उपयोग के लिए शुरू कर दिया गया। नगरपालिका परिषद द्वारा निर्मित यह जनपद का दूसरा पिंक टॉयलेट है। इससे पूर्व कलेक्ट्रेट परिसर में भी महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए इस प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।
नगरपालिका परिषद के अनुसार राज्य वित्त आयोग की धनराशि से करीब 9.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक पिंक टॉयलेट में तीन सीटों की व्यवस्था की गई है। उपयोगकर्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई और नियमित संचालन के लिए परिषद की ओर से एक कर्मचारी की भी तैनाती की गई है।
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश बीरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि न्यायालय परिसर में आने वाली महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को इस सुविधा से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने नगरपालिका परिषद द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की।
नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय की सुविधा और सम्मान परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ और सुरक्षित शौचालयों की उपलब्धता वर्तमान समय की अहम जरूरत है और परिषद आगे भी इस दिशा में कार्य करती रहेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह, सहायक अभियंता निर्माण नैपाल सिंह, सभासद पति शोभित गुप्ता सहित न्यायिक विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
