राजपूत बहुल देवबंद में जनसभा को लेकर भाजपा ने झोंकी ताकत, चुनावी मिशन-2027 की तैयारियों का माना जा रहा आगाज
(गौरव सिंघल)
सहारनपुर/देवबंद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में अहम माने जाने वाले सहारनपुर जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गुरुवार को होने वाला दौरा भाजपा की चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तराखंड और हरियाणा की सीमाओं से सटे तथा करीब 40 प्रतिशत मुस्लिम आबादी वाले सहारनपुर जिले में भाजपा एक बार फिर राजनीतिक माहौल को अपने पक्ष में बनाने की कवायद में जुटी हुई है। मुख्यमंत्री की देवबंद जनसभा को भाजपा के मिशन-2027 के आगाज के रूप में देखा जा रहा है।
लोकसभा चुनाव में सहारनपुर मंडल की तीनों सीटों — सहारनपुर, कैराना और मुजफ्फरनगर — पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में पार्टी अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जातीय और सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले तीन महीनों में तीसरी बार सहारनपुर पहुंच रहे हैं, जिससे जिले के राजनीतिक महत्व का अंदाजा लगाया जा सकता है।
देवबंद में हजारों करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री गुरुवार दोपहर देवबंद स्थित जीटी रोड पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रशासन के अनुसार, इस दौरान वे हजारों करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह राणा, राज्यमंत्री जसवंत सैनी और भाजपा नेता बृजेश सिंह जनसभा की तैयारियों में जुटे हुए हैं। सिल्वर पैराडाइज के निकट हेलीपैड तैयार किया गया है, जबकि सभा स्थल पर विशाल पंडाल और सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री से देवबंद को लेकर उठीं खास मांगें
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय संगठनों और नेताओं ने कई बड़ी मांगें भी उठाई हैं। बजरंग दल के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष विकास त्यागी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि—
देवबंद का नाम बदलकर देववृंद किया जाए
देवबंद में भव्य राजकीय बस अड्डे का निर्माण कराया जाए ।
खेल स्टेडियम बनाया जाए
राजकीय डिग्री कॉलेज में विज्ञान विषयों की कक्षाएं इसी सत्र से शुरू कराई जाएं
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन पर इन घोषणाओं से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
सहारनपुर में भाजपा का जातीय संतुलन साधने का प्रयास
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जातीय समीकरणों को मजबूत करने की दिशा में भी सक्रिय है। बजरंग दल नेता विकास त्यागी का कहना है कि यदि पूर्व मंत्री Suresh Rana को मंत्रिमंडल विस्तार में शामिल किया जाता है, तो राजपूत समाज में भाजपा को बड़ा राजनीतिक लाभ मिल सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि मेरठ प्रांत भाजपा अध्यक्ष पद पर किसी प्रभावशाली जाट नेता को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। उनका दावा है कि पूर्व में जब-जब जाट बिरादरी का नेता प्रांत अध्यक्ष रहा, भाजपा को चुनावों में फायदा मिला।
विपक्ष भी सक्रिय, गठबंधन भाजपा के लिए चुनौती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के बाद विपक्षी दलों ने भी अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन के बेहतर प्रदर्शन के बाद अब विधानसभा चुनाव में भी इस गठबंधन को भाजपा के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सहारनपुर और आसपास के जिलों में भाजपा हिंदुत्व, जातीय संतुलन और विकास योजनाओं के सहारे अपने जनाधार को मजबूत करने की कोशिश करेगी, जबकि विपक्ष सामाजिक समीकरणों और गठबंधन की ताकत पर भरोसा जता रहा है।
सहारनपुर से योगी का विशेष जुड़ाव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर में लगातार रुचि दिखाते रहे हैं। उनके कार्यकाल में मां शाकुम्बरी राजकीय कॉलेज की स्थापना हुई, जिसका लाभ पूरे मंडल के विद्यार्थियों को मिल रहा है। हाल ही में पूर्व मंत्री Sanjay Garg ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सहारनपुर में आईआईटी रुड़की कैंपस को पूर्ण आईआईटी का दर्जा देने और कंपनी गार्डन स्थित औद्यानिक प्रशिक्षण केंद्र को मां शाकुम्बरी यूनिवर्सिटी से संबद्ध महाविद्यालय बनाने की मांग भी की थी।
