Sunday, November 1, 2026

कमर्शियल गैस सिलेंडर की महंगाई पर भड़के व्यापारी

गैस कीमतों में भारी बढ़ोतरी वापस लेने, जीएसटी घटाने और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की उठाई मांग

शामली

कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही भारी बढ़ोतरी के विरोध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश पंजीकृत के बैनर तले गुरुवार को सैकड़ों व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। नगर अध्यक्ष किशन गर्ग के नेतृत्व में व्यापारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित 9 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी आलोक यादव को सौंपते हुए गैस के बढ़े दाम तत्काल वापस लेने की मांग की।

व्यापारियों ने ज्ञापन में कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में लगातार वृद्धि से छोटे व्यापारी और घरेलू कुटीर उद्योग गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैटरिंग व्यवसाय, डेयरी संचालक और ठेला-पटरी पर खाद्य सामग्री बेचने वाले व्यापारियों की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ता अंतर गैस की कालाबाजारी को बढ़ावा दे सकता है। इससे बाजार में अव्यवस्था और भ्रष्टाचार बढ़ने की आशंका भी जताई गई। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और इसकी बुकिंग भी घरेलू गैस सिलेंडर की तरह ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से शुरू की जाए।

इसके अलावा व्यापारियों ने गैस के वैकल्पिक संसाधनों की खोज के लिए अनुसंधान समिति गठित करने, विवाह समारोहों एवं अन्य आयोजनों के लिए मांग अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा अस्पतालों और स्कूलों में निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

व्यापारियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर पर लगाए जा रहे 18 प्रतिशत जीएसटी को घटाकर 5 प्रतिशत करने की मांग भी सरकार से की। साथ ही गैस संकट की स्थिति में उद्योगों को पुराने वैकल्पिक ईंधन के उपयोग की अनुमति देने तथा पॉल्यूशन विभाग और एनजीटी के नियमों में पांच वर्षों के लिए छूट देने की मांग रखी गई।

इस दौरान मंडल महामंत्री डॉ. राजेंद्र गोयल, गौरव रुहेला, संजीव कुमार, विनोद गोत्रा, सतीश संगल, जावेद अंसारी और यूनिस सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisements
राशिफल
सोने की कीमत
लाइव स्कोर
आज का मौसम

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!