टाउन हॉल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग ने जताया आभार
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में नगर पालिका परिषद की ओर से 9 नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को व्हीलचेयर प्रदान की गईं। इस अवसर पर टाउन हॉल परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका परिषद के अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगर पालिका सदैव जनहित और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि मरीजों एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और भविष्य में भी स्वास्थ्य विभाग को हर संभव सहयोग दिया जाता रहेगा।
वरिष्ठ नागरिकों और मरीजों को मिलेगी राहत
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने नगर पालिका परिषद और अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों और वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर उपलब्ध होने से काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने नगर पालिका द्वारा किए गए इस सहयोग को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने में मदद मिलेगी।
इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को मिली व्हीलचेयर
नगर पालिका परिषद द्वारा जिन नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गईं, उनमें साउथ सिविल लाइन, आदर्श कॉलोनी, गांधीनगर, वहलना, अलमासपुर, गोकुल सिटी, जनकपुरी, वसंत विहार और अवध विहार स्थित केंद्र शामिल हैं।
विभागों के समन्वय पर दिया जोर
कार्यक्रम का संचालन नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय शाही ने किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
इस दौरान जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर प्रवीन पाल, अश्वनी कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
