गेम्स, डांस और फन एक्टिविटी में बच्चों संग माताओं ने भी लिया उत्साहपूर्वक भाग
कैराना
सेंट आर सी साइंटिफिक कॉन्वेंट स्कूल में मदर्स डे की पूर्व संध्या पर प्री-प्राइमरी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं फन एक्टिविटी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। बच्चों ने माताओं के सम्मान में मधुर गीतों पर आकर्षक ग्रुप डांस प्रस्तुत किए। “प्यारी मां” और “तेरी उंगली पकड़ के चला” जैसे भावनात्मक गीतों पर बच्चों की प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया।
माताओं के लिए भी हुई मनोरंजक प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम के दौरान माताओं के लिए भी विभिन्न खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें पास दा बलून, म्यूजिकल कप, डांस विद बलून और रैंप वॉक जैसी एक्टिविटी शामिल रहीं। माताओं ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कार्यक्रम का आनंद उठाया।
अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मां बच्चे की पहली शिक्षिका होती है” : प्राचार्य
विद्यालय के प्राचार्य यशस्वी पंवार ने मदर्स डे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां बच्चे की पहली शिक्षिका होती है और उसका प्रेम अतुलनीय होता है। उन्होंने कहा कि मां का आंचल अपने बच्चों के लिए कभी छोटा नहीं पड़ता तथा हर व्यक्ति को सदैव तन, मन और धन से अपनी मां का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि मदर्स डे प्रतिवर्ष मई माह के दूसरे रविवार को माताओं के सम्मान में मनाया जाता है।
कार्यक्रम में इनका रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रिया, प्रीति, अनु और मीनू सहित विद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
